Hazaribagh News: हजारीबाग में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े 9वीं कक्षा के छात्र के अपहरण की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. आरोप है कि छात्र को अगवा कर एक कमरे में बंधक बनाया गया, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और परिजनों से फिरौती की मांग की गई. इतना ही नहीं, प्रताड़ना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया. मामले को लेकर पीड़ित छात्र के पिता ने बड़ी बाजार थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
स्कूल से लौटते समय रास्ते से उठा ले गए छात्र
पीड़ित के पिता अनमोल साव के अनुसार, उनका 15 वर्षीय बेटा विक्की कुमार डीपीएस हुरहुरू में कक्षा नौ का छात्र है. 25 जून की दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर लौट रहा था. इसी दौरान हुरहुरू वाइन शॉप के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे जबरन रोक लिया और अगवा कर एक अज्ञात स्थान पर ले जाकर बंद कर दिया.
पैसे नहीं लाने पर हत्या की धमकी
शिकायत में कहा गया है कि बंधक बनाए जाने के दौरान छात्र के साथ लगातार मारपीट की गई. आरोपी उससे घर से पैसे मंगाने का दबाव बनाते रहे और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देते रहे. परिवार ने आरोप लगाया है कि इस पूरी साजिश में एक परिचित मोबाइल नंबर का भी इस्तेमाल किया गया.
कार से ले जाते समय भागकर बचाई जान
परिजनों ने खिरगांव निवासी अर्पित सिंह, ऋषभ सिंह, साहिल कुमार, तेजस कुमार और अंश पांडे समेत पांच नामजद आरोपियों के अलावा पांच से सात अन्य युवकों को भी घटना में शामिल बताया है.
बताया गया कि प्रताड़ना के बाद जब छात्र की हालत बिगड़ने लगी तो आरोपी उसे कार से बड़कागांव रोड की ओर ले जा रहे थे. इसी दौरान मार्खम कॉलेज के पास वाहन रुकते ही विक्की ने मौका देखकर कार से छलांग लगा दी और वहां से भाग निकला. उसकी सूझबूझ से जान बच गई.
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपियों ने छात्र के साथ मारपीट और प्रताड़ना का वीडियो भी बनाया. बाद में इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर वायरल कर दिया गया. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है. पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच का अहम साक्ष्य माना है. साइबर सेल वीडियो अपलोड करने वाले अकाउंट और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल कर रही है.