Giridih News: गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र के तिसरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर गम्हारियाटांड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरा ऑटो पलट गया। हादसे में बाइक सवार समेत कुल आठ लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
8 घायल, दो की हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए रेफर
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को दुर्घटनाग्रस्त ऑटो से ही अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि खटपोंक के मुखिया जानकी यादव और समाजसेवी प्रकाश यादव ने अन्य घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। घायलों में 63 वर्षीय सहदेव हजाम, 4 वर्षीय प्रियांशु कुमार, कविता कुमारी, रिंकी देवी, बाइक सवार यमुना दास, रोहित दास सहित कुल आठ लोग शामिल हैं। सहदेव हजाम और प्रियांशु कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
हादसे के समय ऑटो में एक तीन माह का मासूम बच्चा भी सवार था, जो चमत्कारिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित बच गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में उसकी मां के हाथ में हल्की चोट आई। इस घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खटपोंक गांव के ग्रामीण बेलकुशी महादेव मंदिर में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान खिजुरी की ओर जा रही बाइक से ऑटो की सीधी टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।