Ranchi News : राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बर्लिन जनरल हॉस्पिटल में डॉक्टर के साथ कथित मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अस्पताल के पार्टनर एवं चिकित्सक डॉ. रजनीश कुमार शर्मा की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
अस्पताल में घुसकर हंगामा करने का आरोप
डॉ. शर्मा के अनुसार, रात करीब 8 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो से 8 से 10 लोग अस्पताल पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रॉक बाउंसर ग्रुप के संचालक बिसु दुबे अपने सहयोगियों के साथ अस्पताल में घुसे और वहां हंगामा किया।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने अस्पताल परिसर में गाली-गलौज की, मारपीट की और तोड़फोड़ की। साथ ही डॉ. शर्मा को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के समय राजन कुमार और आशीष सिन्हा भी मौके पर मौजूद थे।
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
डॉ. शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में अपनी, अस्पताल कर्मियों और अस्पताल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। अरगोड़ा थाना पुलिस ने डॉ. शर्मा की शिकायत के आधार पर बिसु दुबे, राजन कुमार और आशीष सिन्हा को नामजद आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।