Jamshedpur News: जमशेदपुर के परसुडीह स्थित श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज में एक छात्र द्वारा क्लासरूम के अंदर देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लाने का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित तीन छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करने का फैसला लिया गया है. घटना 19 जून की बताई जा रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, 12वीं विज्ञान संकाय का एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था. क्लासरूम में वह अन्य छात्रों को हथियार दिखा रहा था. इसी दौरान एक छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पहले इनकार, फिर जांच में सामने आई सच्चाई
वीडियो वायरल होने के बाद जब कॉलेज प्रबंधन से इस संबंध में जानकारी मांगी गई तो शुरुआत में घटना से इनकार किया गया. हालांकि, वीडियो की जांच करने पर प्राचार्य और शिक्षकों ने इसकी पुष्टि की. वीडियो में दिखाई देने वाले छात्र कॉलेज के ही विज्ञान संकाय के छात्र निकले.
दबदबा बनाने के लिए लाया था हथियार
कॉलेज प्रबंधन की पूछताछ में हथियार लाने वाले छात्र ने स्वीकार किया कि कुछ समय पहले छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद वह कॉलेज में अपना दबदबा बनाना चाहता था. इसी उद्देश्य से वह हथियार लेकर आया था. छात्र ने यह भी बताया कि उसे यह हथियार उसके इलाके के एक परिचित युवक ने दिया था.
कॉलेज प्रशासन ने लिया सख्त फैसला
कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. महतो ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के बाद मामला सही पाया गया. वीडियो में दिख रहे तीनों छात्र 12वीं कक्षा के विज्ञान संकाय के विद्यार्थी हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए तीनों को कॉलेज से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है.
प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए अब सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा. साथ ही छात्रों के बीच जागरूकता बढ़ाने और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे.