Jamshedpur News: टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर अनियमित पार्किंग और यातायात व्यवस्था बाधित करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर चार ऑटो चालकों को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों को रेलवे कैंप कोर्ट में पेश किया गया, जहां जुर्माना जमा करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया.
आरपीएफ अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान ऑटो चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि स्टेशन गेट के सामने वाहन खड़ा करने, ट्रेन आगमन के समय प्रवेश द्वार के आसपास भीड़ लगाने और यात्रियों की तलाश में प्लेटफॉर्म क्षेत्र में प्रवेश करने पर भविष्य में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
रेलवे सूत्रों के अनुसार, टाटानगर स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर ऑटो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. इससे यात्रियों को स्टेशन आने-जाने में परेशानी हो रही थी और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी.
यात्रियों की शिकायतों के बाद आरपीएफ ने स्टेशन परिसर और गेट के आसपास निगरानी बढ़ा दी है. अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.