Jamshedpur News: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की हरकत से बाजार में हड़कंप मच गया. बसंत टॉकीज के पास एक ग्राहक पर अचानक हमला किए जाने के बाद लोगों के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया.
नाश्ता करने पहुंचे ग्राहक से मांगे पैसे, इनकार करने पर किया हमला
मानगो के टैंक रोड निवासी शत्रुघ्न गोप खरीदारी के लिए साकची बाजार पहुंचे थे. बाजार में सामान खरीदने के बाद वह एक चने की दुकान पर नाश्ता करने के लिए रुके. इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने उनसे जबरन पैसे मांगने शुरू कर दिए. जब शत्रुघ्न गोप ने पैसे देने से मना किया तो युवक ने अपना आपा खो दिया और टाइल्स के नुकीले टुकड़े से उन पर हमला कर दिया.
हाथ, पैर और गर्दन पर आई चोटें, लोगों ने संभाला मामला
अचानक हुए हमले में शत्रुघ्न गोप के हाथ, पैर और गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. बसंत चौक पर तैनात पुलिसकर्मी कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया.
नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी, पुलिस कर रही जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी युवक अक्सर नशे की हालत में क्षेत्र में विवाद और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहता है. पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम बान्दर पात्रो बताया है, जो देव नगर इलाके का रहने वाला है. फिलहाल साकची थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.