Ranchi News : झारखंड सरकार ने राज्य के युवाओं के लिए कॉमर्शियल पायलट बनने का रास्ता आसान करने की दिशा में नई पहल की है। सरकार ने नई नीति लागू करते हुए झारखंड के 15 स्थायी निवासियों को मुफ्त कॉमर्शियल पायलट ट्रेनिंग देने का निर्णय लिया है। इस योजना का लाभ उन अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये या उससे कम है।
दुमका फ्लाइंग अकादमी में मिलेगा प्रशिक्षण
राज्य सरकार ने नवंबर 2023 में दुमका हवाई अड्डे स्थित कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) विद मल्टी इंजन रेटिंग ट्रेनिंग अकादमी में 30 छात्रों को प्रशिक्षण देने का फैसला किया था। इनमें से 15 सीटें आर्थिक रूप से पात्र अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क प्रशिक्षण हेतु आरक्षित की गई हैं। अब सरकार ने इसके लिए विस्तृत चयन नीति और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
लिखित परीक्षा, एप्टीट्यूड टेस्ट और इंटरव्यू से होगा चयन
मुफ्त प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों का चयन झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) द्वारा किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, पायलट एप्टीट्यूड टेस्ट और साक्षात्कार शामिल होंगे। लिखित परीक्षा 10+2 स्तर की होगी, जिसमें अंग्रेजी, गणित, भौतिकी, रीजनिंग और करंट अफेयर्स से प्रश्न पूछे जाएंगे।
आरक्षण का भी मिलेगा लाभ
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य होंगे, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत अंकों की छूट दी जाएगी। योजना में राज्य सरकार की आरक्षण नीति का भी पालन किया जाएगा। वहीं, पूर्ण शुल्क देकर प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों का चयन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट द्वारा किया जाएगा।
राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से झारखंड के युवाओं को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही कॉमर्शियल पायलट बनने के इच्छुक प्रतिभाशाली युवाओं को आर्थिक बाधाओं के बिना उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।