Palamu News : पलामू जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से नियुक्त नव चयनित स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों के वेतन भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों को मार्च 2026 से वेतन का भुगतान किया जाएगा।
प्रमाणपत्र सत्यापन के बाद होगा वेतन भुगतान
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शिक्षकों के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों की जांच पूरी होने के बाद ही वेतन जारी किया जाएगा। जिला शिक्षा अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को सभी दस्तावेजों और सेवा अभिलेखों का विधिवत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों को निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र भी जमा करना होगा।
गड़बड़ी मिलने पर शिक्षक होंगे जिम्मेदार, चार माह में जांच पूरी करने का निर्देश
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि भविष्य में किसी शिक्षक के प्रमाणपत्रों में त्रुटि, फर्जीवाड़ा या अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षक की होगी। साथ ही वेतन भुगतान से जुड़े निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) की जवाबदेही भी तय की जाएगी। विभाग ने सभी प्रमाणपत्रों की जांच चार माह के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया है। वेतन का भुगतान उपलब्ध बजटीय आवंटन से किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों का वेतन विद्यार्थियों की दर्ज उपस्थिति और नियमानुसार स्वीकृत प्रक्रिया के आधार पर ही देय होगा।