Jamshedpur News: मानगो के जवाहर नगर स्थित महावीर कॉलोनी रोड नंबर-15 में सोमवार शाम एक परिवार पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में उमेश कुमार वर्मा, उनकी पत्नी उषा देवी, पुत्र गोपाल कुमार वर्मा समेत परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया।
पड़ोसियों पर परिवार के साथ मारपीट का आरोप
पीड़ित उमेश कुमार वर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले प्रेमनाथ साह, मंजू देवी और आकाश साह ने पूरे परिवार पर हमला किया। उनके अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विभिन्न मुद्दों को लेकर विवाद चला आ रहा था। सोमवार को सड़क पर गंदा पानी बहाने और अतिक्रमण को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हिंसक रूप ले लिया।
गांजा बिक्री का विरोध करने पर बढ़ा विवाद
उमेश वर्मा का दावा है कि पड़ोसी परिवार कथित रूप से गांजा बेचने का कारोबार करता है। उन्होंने बताया कि गांजा खरीदने आने वाले लोग देर रात उनके घर का दरवाजा भी खटखटाते थे, जिससे परिवार को लगातार परेशानी होती थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
सड़क घेरने के आरोप से बढ़ा विवाद
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार ने सड़क के बड़े हिस्से पर अवैध पार्किंग बनाकर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष कार्रवाई और मादक पदार्थों की शिकायतों की जांच की उठाई मांग
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था और दूसरे पक्ष का पक्ष भी सामने नहीं आ सका था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, मादक पदार्थों की बिक्री संबंधी शिकायतों की पड़ताल और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।