Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित एसआईटी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. हादसे में 15 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद पूरे मामले में जवाबदेही तय करने पर जोर दिया जा रहा है.
आग लगने के कारण और सुरक्षा में लापरवाही की होगी जांच
जानकारी के मुताबिक एसआईटी की टीम घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है और सबूत जुटाने में लगी हुई है. जांच का मुख्य फोकस आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों में हुई संभावित लापरवाही पर है. इसके साथ ही सभी संबंधित विभागों से रिपोर्ट भी मांगी गई है ताकि पूरे मामले की विस्तृत तस्वीर सामने आ सके.
तीन मंजिला इमारत में मची थी अफरातफरी
सोमवार दोपहर लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया था. आग लगने के बाद इमारत में फंसे लोगों के बीच अफरातफरी मच गई और कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए ऊंचाई से कूदना पड़ा. कुछ लोग पाइप के सहारे नीचे उतरकर बाहर निकले. इमारत के निचले हिस्से में पेट शॉप थी, जबकि ऊपर के फ्लोर पर 3डी आर्ट स्टूडियो, कंप्यूटर कोडिंग से जुड़ा काम और बच्चों की लाइब्रेरी संचालित हो रही थी. राहत कार्य के दौरान सबसे पहले पेट शॉप में मौजूद जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
परिजनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन लगातार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. मृतकों के परिवार और स्थानीय लोगों ने बिल्डिंग मालिकों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई है. वहीं अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और चार अधिकारियों को निलंबित किया गया है. जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई हैं और आगे भी कार्रवाई की संभावना बनी हुई है.