Chandil News: चांडिल के भूंईयाडीह टोला स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य गेट पर सोमवार को ग्रामीणों और श्रमिकों ने 14 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले आंदोलन में सैकड़ों ग्रामीण और मजदूर शामिल हुए, जिससे कंपनी का संचालन प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चांडिल पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
हादसे की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने 16 जून को कंपनी में हुए बॉयलर/भट्ठी विस्फोट की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा घायल और कथित मृत श्रमिकों के परिजनों को उचित मुआवजा, निःशुल्क इलाज और पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की। आंदोलनकारियों का कहना था कि घटना की सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना जरूरी है।
स्थानीय युवाओं को नौकरी और श्रमिक अधिकारों को लेकर सौंपा 14 सूत्री ज्ञापन
धरना के दौरान श्रमिकों और ग्रामीणों ने न्यूनतम वेतन, ईएसआई-पीएफ की सुविधा, सुरक्षा उपकरण, नियमित प्रशिक्षण, प्रदूषण नियंत्रण उपायों तथा कंपनी में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग भी उठाई। इन मांगों को लेकर ग्रामीणों ने कंपनी के प्रबंध निदेशक के नाम 14 सूत्री ज्ञापन कंपनी मैनेजर एस.के. वर्मा को सौंपा।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि लंबी वार्ता के बाद फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन को मंगलवार शाम चार बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता होगी, जिसके बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।