Bihar News : सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ वार्ड-10 में आयोजित एक श्राद्ध भोज के बाद 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि भोज के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। बीमार हुए सभी लोगों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
भोज में शामिल थे करीब 500 लोग, बच्चों की संख्या अधिक प्रभावित
जानकारी के अनुसार, दतुआ वार्ड-10 निवासी छोटकेलाल यादव की पत्नी के श्राद्ध कर्म के अवसर पर भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 500 लोग शामिल हुए थे। भोजन के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद कई लोगों, खासकर बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्चों में पेट दर्द, सिर दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायतें सामने आईं, जबकि कई वयस्कों ने चक्कर और घबराहट की शिकायत की। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन बीमार लोगों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं त्रिवेणीगंज के बीडीओ अभिनव भारती ने भी अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। अस्पताल के प्रभारी सुपरिटेंडेंट डॉ. इन्द्रदेव यादव ने बताया कि 150 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक है। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।