Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार आज अपना पहला बजट पेश करने जा रही है. राज्य के लोगों के साथ साथ उद्योग जगत और युवाओं की भी इस बजट से काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं. माना जा रहा है कि रोजगार, उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कई अहम घोषणाएं की जा सकती हैं.
स्वप्न दासगुप्ता पेश करेंगे पहला बजट, बढ़ी उम्मीदें
पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र 18 जून को राज्यपाल आरएन रवि के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था. अब 22 जून को राज्य के वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता बजट भाषण देंगे. अनुभवी पत्रकार, राजनीतिक विश्लेषक और सांसद रह चुके दासगुप्ता पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं. माना जा रहा है कि यह बजट राज्य की आर्थिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
रोजगार और उद्योगों को बढ़ावा देने पर रह सकता है फोकस
पश्चिम बंगाल लंबे समय से बेरोजगारी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है. ऐसे में इस बार के बजट में उद्योग और रोजगार को विशेष प्राथमिकता मिलने की संभावना है. मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की बिजली लागत कम करने के लिए कदम उठाए जा सकते हैं. इसके अलावा नई औद्योगिक नीति लाने की भी तैयारी है.
राज्य में करीब 90 लाख एमएसएमई यूनिट्स के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है. बजट में स्पेशल इकोनॉमिक जोन, जमीन, लॉजिस्टिक्स और निवेश को बढ़ावा देने वाले प्रोत्साहनों पर भी जोर दिया जा सकता है.
युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना पर हो सकता है बड़ा ऐलान
भाजपा के चुनावी वादों में शामिल स्टार्टअप नीति को लेकर भी बजट में चर्चा होने की उम्मीद है. युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की योजना का ऐलान किया जा सकता है. इसके तहत करीब 5 लाख युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने में मदद देने का लक्ष्य रखा जा सकता है.
वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता से उम्मीद की जा रही है कि वे राज्य की आर्थिक जरूरतों और आम लोगों की अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाते हुए ऐसा बजट पेश करेंगे, जो मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों और विकास की प्राथमिकताओं को मजबूती से सामने रखे.