KU Updates: कोल्हान विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (सत्र 2026-30) और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों (सत्र 2026-29) में दाखिले के लिए चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं.
विश्वविद्यालय की ओर से 16 जून से पोर्टल खोला गया है. इसके बाद से ही छात्र-छात्राओं में नामांकन को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है. शुरुआती दिनों में ही विश्वविद्यालय को 8 हजार से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं.
कुलपति ने छात्रों से जल्द आवेदन करने की अपील की
कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा कर लें. उन्होंने कहा कि समय पर आवेदन करने से छात्रों को अपनी पसंद के विषय और कॉलेज चयन करने में सुविधा मिलेगी.
आवेदन शुल्क घटाकर किया गया 25 रुपये
छात्रों को राहत देते हुए इस बार आवेदन शुल्क में भी कमी की गई है. अब नामांकन आवेदन के लिए सिर्फ 25 रुपये शुल्क रखा गया है. विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कोई भी विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित न रहे.
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता (अकादमिक कार्य) डॉ. संजय यादव ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए विषय और महाविद्यालय का चयन करें. विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आवेदन की संख्या और बढ़ेगी.