Seraikela News : जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार तड़के कोलाबिरा के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो लोगों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रापचा निवासी फुलसरी महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों कदमा से दुगनी दवा लेने जा रहे थे।
भाग रहे हाइवा को ग्रामीणों ने पकड़ लिया
हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से भागने लगा। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उसका पीछा किया और दुगनी क्षेत्र में वाहन को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया।
शव रखकर सड़क जाम, मुआवजे की मांग
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
24 घंटे में तीसरा जानलेवा सड़क हादसा, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
पिछले 24 घंटों के भीतर जिले में यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। आदित्यपुर, कांड्रा और सरायकेला थाना क्षेत्रों में अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान जा चुकी है। इससे पहले कोलाबिरा के मोहिउद्दीनपुर में भी एक महिला की सड़क हादसे में मौत हुई थी।
लगातार हो रहे हादसों ने जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन नियमित रूप से सड़क सुरक्षा को लेकर बैठकें करने का दावा करता है, लेकिन सड़कों पर तेज रफ्तार और ओवरलोड भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो ऐसे हादसों का सिलसिला जारी रहेगा।