JSSC Admit Card 2026: झारखंड में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड इंटरमीडिएट और स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2025 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. आवेदन कर चुके उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा का आयोजन 22 जून से 24 जून 2026 तक किया जाएगा.
ईमेल आईडी और जन्मतिथि की मदद से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
उम्मीदवार jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए ईमेल आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ जन्मतिथि दर्ज करनी होगी. वेबसाइट के महत्वपूर्ण लिंक सेक्शन में जाकर एडमिट कार्ड वाले विकल्प पर क्लिक करने के बाद संबंधित परीक्षा का लिंक दिखाई देगा. जरूरी जानकारी भरते ही हॉल टिकट स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर लें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट भी सुरक्षित रखें.
तीन दिनों तक सीबीटी मोड में होगी परीक्षा, 25 जून को अतिरिक्त टेस्ट भी
यह भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी. मुख्य परीक्षा 22 जून से 24 जून तक होगी, जबकि 25 जून को अतिरिक्त परीक्षा भी निर्धारित की गई है. सभी परीक्षा केंद्र रांची मुख्यालय के अधीन होंगे. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य रहेगा. अभ्यर्थी आधार कार्ड, ई आधार, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, फोटो वाली बैंक पासबुक, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी एक दस्तावेज का इस्तेमाल कर सकते हैं. निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. साथ ही परीक्षा समाप्त होने से पहले बाहर निकलने की भी इजाजत नहीं होगी.
परीक्षा से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
झारखंड इंटरमीडिएट और स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से किया जा रहा है. एडमिट कार्ड जारी होने के साथ ही परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र पर दिए गए सभी दिशा निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा वाले दिन जरूरी दस्तावेज अपने साथ लेकर समय से पहले केंद्र पर पहुंचें.