Koderma News: कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोचनपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. नहाने के दौरान पैर फिसलने से एक युवक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान लोचनपुर निवासी 22 वर्षीय राजा रजक, पिता राजेश रजक के रूप में हुई है.
कुएं के चबूतरे से फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे राजा रजक अपने घर से कुछ दूरी पर खेत में स्थित एक कुएं में नहाने गया था. इसी दौरान कुएं के चबूतरे पर अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे कुएं में जा गिरा. घटना के समय आसपास मौजूद युवकों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए.
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया. कुआं काफी गहरा था और उसमें सीढ़ी की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण युवक को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई. कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने राजा को कुएं से बाहर निकाला और गंभीर हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है.