Palamu News: पलामू जिले के हमीदगंज मोहल्ले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा एक राजमिस्त्री अचानक संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
काम के दौरान अचानक फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, हमीदगंज इलाके में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान राजमिस्त्री विकास पासवान (40) छत पर काम कर रहा था.
अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे जा गिरा. गिरने की वजह से उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.
MMCH में चल रहा इलाज
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मकान मालिक की मदद से घायल विकास पासवान को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है.
बिहार का रहने वाला है घायल मजदूर
घायल राजमिस्त्री की पहचान विकास पासवान के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के प्रियम बिगहा गांव का रहने वाला है और फिलहाल मेदिनीनगर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. वहीं अस्पताल में मौजूद परिजन विकास की हालत को लेकर चिंतित हैं.