Latehar News : जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के लुहूर गांव में सागवान के पेड़ की टहनियां काटने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान एक चचेरे भाई पर टांगी से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे युवक को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर किया गया है।
पेड़ की टहनियां काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, नरेश भुइंया के घर परिसर में लगे सागवान के पेड़ की टहनियों की कटाई की जा रही थी। आरोप है कि उनके चचेरे भाई राजबली भुइंया और उनके पुत्र राजेंद्र भुइंया पेड़ की छंटाई कर रहे थे। नरेश भुइंया ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
टांगी के वार से गर्दन और सीने में गंभीर चोट, पुलिस ने शुरू की जांच
आरोप है कि विवाद के दौरान राजबली भुइंया ने टांगी से नरेश भुइंया पर हमला कर दिया। हमले में नरेश के गर्दन और सीने में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे राजेंद्र भुइंया के हाथ में भी टांगी लगने से वह घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।