Jamshedpur News : मानगो-डिमना क्षेत्र में सफर करने वाले यात्रियों को अब ऑटो का अधिक किराया देना होगा। शिक्षित बेरोजगार ऑटो चालक संघ, डिमना ऑटो स्टैंड की ओर से किराये में संशोधन का निर्णय लिया गया है। संघ के अनुसार नई किराया दरें 22 जून 2026 से प्रभावी होंगी।
संघ ने बताया कि 20 जून को डिमना ऑटो स्टैंड में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से किराया बढ़ाने का फैसला लिया गया। ऑटो चालकों का कहना है कि डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार वृद्धि, वाहन बीमा, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव का खर्च बढ़ने के कारण किराया बढ़ाना मजबूरी बन गया है।
इन रूटों पर बढ़ा किराया
नई किराया सूची के अनुसार साकची से हीरा होटल तक का किराया पहले की तरह 15 रुपये रहेगा। वहीं साकची से हीरा होटल होते हुए डिमना चौक तक का किराया 15 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है। साकची से एमजीएम अस्पताल तक का किराया 20 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये किया गया है। मानगो चौक से डिमना चौक तक का किराया 15 रुपये ही रहेगा, जबकि मानगो चौक से एमजीएम अस्पताल तक का किराया 15 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है। लोकल उतराव-चढ़ाव का किराया पहले की तरह 10 रुपये ही रहेगा।
स्टैंड से आगे जाने पर लगेगा अतिरिक्त किराया
ऑटो चालक संघ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित किराया केवल संबंधित स्टैंड तक की यात्रा के लिए मान्य होगा। यदि कोई यात्री स्टैंड से आगे यात्रा करता है तो उससे अतिरिक्त दूरी के अनुसार अलग से किराया लिया जाएगा।