Seraikela: चांडिल अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धनबाद से जमशेदपुर जा रही शराब से लदी एक वैन झाबरी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वैन में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया। चालक के अनुसार, वह धनबाद से ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लेकर जमशेदपुर के डिमना क्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान झाबरी गांव के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन सड़क पर पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि बड़ी संख्या में शराब की बोतलें टूटकर सड़क पर बिखर गईं।
मौके पर जुटे ग्रामीण
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को उठाने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग बोतलें अपने साथ लेकर चले गए। सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बची हुई शराब को सुरक्षित कराया तथा क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
करीब 4.62 लाख रुपये की थी शराब
चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि वैन में लगभग 4 लाख 62 हजार रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी हुई थी। दुर्घटना में करीब 90 प्रतिशत शराब की बोतलें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कुछ बोतलें स्थानीय लोग अपने साथ ले गए। जो शराब सुरक्षित बची थी, उसे चालक को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना समय पर नहीं मिलने के कारण शुरुआती कार्रवाई में कुछ परेशानी हुई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।