Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर में शनिवार देर रात बारीडीह इलाके में पति-पत्नी के बीच विवाद की सूचना पर पहुंची PCR टीम के साथ हुए घटनाक्रम के बाद हंगामा हो गया। घटना को लेकर पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि पुलिस ने पूरे मामले की जांच की बात कही है।
इस संबंध में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ शराब के नशे में झगड़ रहा हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए PCR टीम मौके पर पहुंची थी।
थाना प्रभारी के अनुसार PCR किसी थाना क्षेत्र की गाड़ी नहीं थी, बल्कि डायल 112 की सूचना पर मौके पर भेजी गई थी। वहां पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान पति, जो शराब के नशे में था, पुलिसकर्मियों से उलझ गया।
बताया गया कि युवक को गाड़ी में बैठाने के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें वह गिर गया और नाली के पास सिर में चोट लग गई। वहीं कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है।
थाना प्रभारी ने कहा कि अभी तक मामले की सत्यता पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि युवक के शराब के नशे में होने की भी बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।