PM Kisan 23rd Installment : देश के करोड़ों किसानों के लिए शनिवार का दिन अहम रहने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इस मौके पर वह वर्चुअल माध्यम से अलग- अलग राज्यों के किसानों से बातचीत भी करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे.
9.44 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को मिलेगा 2 हजार रुपये का लाभ
केंद्र सरकार के मुताबिक, इस बार 9.44 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में सीधे 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी. लाभार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए पैसा मिलेगा. इससे किसानों को खेती के साथ साथ घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी.
पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6 हजार रुपये दिए जाते हैं. यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है और हर बार 2 हजार रुपये सीधे खाते में भेजे जाते हैं. सरकार का कहना है कि इस योजना का मकसद छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहारा देना और उनकी आय बढ़ाने में मदद करना है.
22 किस्तों में 4.28 लाख करोड़ रुपये पहुंचाए जा चुके हैं
योजना शुरू होने के बाद से अब तक 11 करोड़ से ज्यादा किसानों को 22 किस्तों के जरिए 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है. जानकारों का मानना है कि समय पर मिलने वाली यह राशि किसानों के लिए बीज, खाद, सिंचाई और दूसरे कृषि कार्यों में काफी मददगार साबित होती है. इसी वजह से पीएम किसान योजना को देश की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजनाओं में गिना जाता है.
ऐसे देख सकते हैं किस्त का स्टेटस
23वीं किस्त जारी होने के बाद किसान अपने बैंक खाते और योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भुगतान की स्थिति देख सकते हैं. जिन लाभार्थियों ने ई केवाईसी और जमीन से जुड़े जरूरी सत्यापन पूरे कर लिए हैं, उनके खातों में राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी. सरकार लगातार किसानों से जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन समय पर पूरा करने की अपील करती रही है, ताकि योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे.