Jamshedpur: उलीडीह ओपी क्षेत्र की रेखा देवी 27 वर्षीय महिला ने कपाली निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने उलीडीह ओपी में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि पति से अलगाव के बाद करीब चार वर्ष पूर्व उसकी पहचान कपाली निवासी अमीर अंसारी हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध स्थापित हो गया। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती होने पर कराया गर्भपात : आरोप
महिला का आरोप है कि संबंधों के दौरान वह कई बार गर्भवती हुई, लेकिन युवक ने शादी का आश्वासन देकर उसका गर्भपात करा दिया। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो युवक उसे अपने घर ले गया और परिजनों से भी परिचय कराया। महिला का दावा है कि उस समय परिवार के लोगों ने भी शादी कराने का भरोसा दिया था। शिकायत के अनुसार, बाद में युवक ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि जब वह युवक के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और घर से भगा दिया। इसके बाद उसे जानकारी मिली कि युवक की शादी किसी अन्य युवती से करा दी गई है।
मोबाइल तोड़ने का भी लगाया आरोप
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि एक विवाद के दौरान युवक ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया, जिसमें उनके संबंधों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत मौजूद थे। पीड़िता ने उलीडीह ओपी में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ धोखा देने, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अन्य आरोपों की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह मामला महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और दोनों पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।