Jharkhand News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने सत्र 2024-26 के मैट्रिक और इंटरमीडिएट विद्यार्थियों के लिए कंपार्टमेंटल, विशेष और इंप्रूवमेंट परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. इस बार बोर्ड ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए पास हो चुके विद्यार्थियों को भी अंक सुधार परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया है.
JAC के अनुसार परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन माध्यम से भरे जाएंगे. इसके लिए स्कूल और कॉलेजों को पहले से जारी यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
फेल और अंक सुधार वाले छात्र कर सकेंगे आवेदन
इस परीक्षा में वे विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे जो मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाए हैं. इसके अलावा वे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, जो किसी कारण से वार्षिक परीक्षा 2026 का मुख्य फॉर्म नहीं भर सके थे.
वहीं, जो विद्यार्थी परीक्षा पास कर चुके हैं लेकिन अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, उन्हें भी मौका दिया गया है. ऐसे छात्र इसी साल की कंपार्टमेंटल परीक्षा या अगले साल की वार्षिक परीक्षा के साथ इंप्रूवमेंट परीक्षा दे सकते हैं.
मैट्रिक के लिए 22 जून से शुरू होगा आवेदन
मैट्रिक परीक्षा के लिए बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन आवेदन 22 जून से 3 जुलाई 2026 तक भरे जाएंगे. शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 6 जुलाई रखी गई है. विलंब शुल्क के साथ आवेदन 4 जुलाई से 10 जुलाई तक स्वीकार किए जाएंगे. इसके लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई होगी.
इंटर के लिए 25 जून से भरेंगे फॉर्म
इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए बिना विलंब शुल्क आवेदन की प्रक्रिया 25 जून से 7 जुलाई तक चलेगी. शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 8 जुलाई होगी. विलंब शुल्क के साथ विद्यार्थी 8 जुलाई से 13 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 14 जुलाई तय की गई है. JAC ने स्पष्ट किया है कि आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि किसी भी स्थिति में आगे नहीं बढ़ाई जाएगी.