Garhwa News: गढ़वा में एक छात्रा के अचानक गायब होने के दो दिन बाद उसका शव तालाब से मिलने की घटना ने सुखबाना गांव को झकझोर दिया है. 13 वर्षीय खुशबू कुमारी का शव शनिवार सुबह तालाब में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. शव की स्थिति ने मामले को संदिग्ध बना दिया है.
खुशबू मूल रूप से मेराल थाना क्षेत्र के दलेली गांव की रहने वाली थी. उसके पिता बजरंगी साह गढ़वा में मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ सुखबाना गांव में किराये के मकान में रह रहे थे. खुशबू स्थानीय शालीग्राम अग्रवाल मध्य विद्यालय में पढ़ाई करती थी.
परिजनों के मुताबिक गुरुवार को स्कूल से लौटने के बाद खुशबू घर आई थी. उसने अपना बैग रखा और कुछ देर बाद घर से निकल गई. उस वक्त परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे. काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.
रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी जब छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी. इसी बीच शनिवार सुबह गांव के तालाब में एक शव दिखाई देने की जानकारी मिली.
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान खुशबू के रूप में की. शव को बाहर निकालने के दौरान उसके गले में दुपट्टा मिला, जिसके बाद परिवार ने अनहोनी की आशंका जताई.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.
फिलहाल पुलिस छात्रा के गायब होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है. घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है.