Jamtara Road Accident: जामताड़ा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के पास शनिवार को एक सड़क हादसे में कई स्कूली बच्चे घायल हो गए. बच्चों से भरे टेंपो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या JH10AG-0598 में कई स्कूली बच्चे सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान बेलाटांड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद टेंपो में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई.
एक बच्चे की हालत गंभीर, धनबाद रेफर
दुर्घटना में घोसको गांव निवासी 8 वर्षीय पियूष कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
वहीं अन्य घायल बच्चों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया. हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. अहिल्यापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ट्रक और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्कूल वाहनों की निगरानी को लेकर चिंता जताई है.