Jharkhand Weather Update: राजधानी रांची समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्यभर में तेज हवा, आकाशीय बिजली और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 42 मिमी बारिश देवघर में दर्ज की गई। विभाग के अनुसार कोल्हान और संताल परगना के कुछ जिलों में तेज बारिश की संभावना है, जबकि रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, खूंटी और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
तापमान में गिरावट से सुहाना हुआ मौसम
लगातार बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की कमी आने से राजधानी का मौसम काफी सुहावना हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहेगा।
बारिश से पहले बिजली विभाग का मरम्मत अभियान तेज
मौसम को देखते हुए रांची विद्युत आपूर्ति अंचल में युद्धस्तर पर मरम्मत और पेड़ों की डालियों की छंटाई का काम किया जा रहा है। इसके चलते शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में निर्धारित समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक टाटीसिलवे, गोड़ाटोलीघर, पंडरा और रामपुर सिरली फीडर से जुड़े कई क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी। इस दौरान आदर्श नगर, सूर्यनगर, नामकुम, महुआ टोली, खुखरा, अनगड़ा, जोन्हाटोली, हेसल, जामचुंआ, रामपुर रोड, विकास नगर समेत आसपास के इलाके प्रभावित हो सकते हैं।
इन फीडरों में तय समय तक बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
कोकर-ओरमांझी और बूटी विद्युत उपमंडल क्षेत्रों में भी पेड़ों की छंटाई और मरम्मत कार्य किए जाएंगे। नेवरी गोहालू, गुड़गुड़ा और चेंगरी फीडरों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं टाटीसिलवे उपमंडल के लालपुर फीडर, नामकुम बाजार फीडर, बुधाबाजार और मेन रोड क्षेत्र में सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। कुछ इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है।