Jharkhand Politics: राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद महागठबंधन में जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच कांग्रेस कोटे की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू का बचाव किया है.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए के. राजू पर लगाए जा रहे आरोपों को गलत और भ्रामक बताया. शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कुछ लोग बिना तथ्यों के कांग्रेस प्रभारी को निशाना बना रहे हैं.
उन्होंने लिखा कि के. राजू का पूरा राजनीतिक जीवन गरीबों, किसानों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा है.
जनकल्याणकारी योजनाओं में भूमिका का किया जिक्र
मंत्री ने कहा कि मनरेगा, सूचना का अधिकार (RTI), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून और भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास कानून जैसे महत्वपूर्ण जनहित से जुड़े प्रयासों में के. राजू की भूमिका रही है.
उन्होंने सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी उनके योगदान को अहम बताया.
बिना प्रमाण आरोप लगाने वालों पर साधा निशाना
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि के. राजू की पहचान किसी पद से नहीं बल्कि उनके काम, संघर्ष और जनसेवा से होती है. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर टिप्पणी करने से पहले उसके योगदान और कार्यों को समझना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तथ्य और प्रमाण के बयान देने वाले लोग अपनी सोच और विश्वसनीयता खुद सामने ला देते हैं. मंत्री ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता के. राजू के अनुभव और नेतृत्व पर भरोसा रखते हैं.