Iron Deficiency Signs: शरीर में आयरन की कमी एक दिन में नहीं होती. इससे पहले शरीर कई छोटे-छोटे संकेत देने लगता है, जिन्हें अक्सर लोग सामान्य परेशानी समझकर अनदेखा कर देते हैं. जबकि समय रहते इन लक्षणों को पहचान लिया जाए तो बड़ी समस्या से बचा जा सकता है. आयरन हीमोग्लोबिन बनाने में अहम भूमिका निभाता है, जो पूरे शरीर तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है. इसकी कमी का असर धीरे-धीरे कई हिस्सों पर दिखाई देने लगता है.
चेहरे की चमक कम होना और बालों से जुड़ी परेशानी भी हो सकती है वजह
अगर पहले की तुलना में चेहरा ज्यादा फीका या पीला नजर आने लगा है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. शरीर में आयरन कम होने पर त्वचा की रंगत प्रभावित होने लगती है. इसके साथ बालों का तेजी से टूटना या झड़ना और नाखूनों का कमजोर होना भी इसी समस्या की ओर इशारा कर सकता है. ऐसे लक्षण लगातार दिखाई दें तो विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर माना जाता है.
बार-बार सिरदर्द और अचानक चक्कर आने को न करें नजरअंदाज
कई लोगों को अक्सर सिर भारी रहने या चक्कर आने की शिकायत रहती है. खासकर अचानक खड़े होने पर अगर संतुलन बिगड़ने लगे, तो यह शरीर में पोषक तत्वों की कमी का संकेत हो सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि बार-बार होने वाली ऐसी समस्याओं को सामान्य मानकर छोड़ना सही नहीं है, क्योंकि आगे चलकर इससे दूसरी दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं.
हर समय थकान और सांस फूलना भी हो सकता है चेतावनी का संकेत
अगर पर्याप्त आराम और नींद के बाद भी शरीर में सुस्ती बनी रहती है और बिना ज्यादा मेहनत किए कमजोरी महसूस होती है, तो इसके पीछे आयरन की कमी जिम्मेदार हो सकती है. कई बार हल्का काम करने या थोड़ी देर चलने पर भी सांस फूलने लगती है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती और दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है.