Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा सदर अस्पताल में ब्लड ग्रुप जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. खूंटपानी निवासी सुरेंद्र बोइपई को कथित रूप से गलत ब्लड ग्रुप का रक्त चढ़ाए जाने के आरोप के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र बोइपई को खून की कमी की शिकायत के बाद 11 जून को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जांच के दौरान पहली रिपोर्ट में उनका ब्लड ग्रुप "एबी पॉजिटिव" बताया गया. इसके आधार पर मरीज को एक यूनिट रक्त चढ़ाया गया.
इसके बाद जब दूसरी यूनिट रक्त चढ़ाने की तैयारी की गई तो दोबारा क्रॉस मैचिंग की गई. इस जांच में मरीज का ब्लड ग्रुप "ओ पॉजिटिव" सामने आया. दोनों रिपोर्ट में अंतर मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया रोक दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है. कमेटी में फिजिशियन, अस्पताल उपाधीक्षक और पैथोलॉजिस्ट को शामिल किया गया है, जो पूरे मामले की जांच करेंगे.
सिविल सर्जन ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में किसी व्यक्ति का ब्लड ग्रुप नहीं बदलता है. ऐसे में रिपोर्ट में अंतर कैसे आया, इसकी सभी स्तरों पर जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.