Exam Updates: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. अब परीक्षा से जुड़े जरूरी अपडेट उम्मीदवारों को WhatsApp के माध्यम से भी भेजे जाएंगे.
NTA ने बताया कि 21 जून को होने वाली परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं उसके वेरिफाइड WhatsApp अकाउंट के जरिए साझा की जाएंगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि किसी भी संदेश को सही मानने से पहले अकाउंट पर मौजूद ब्लू वेरिफाइड टिक और "National Testing Agency" नाम की पुष्टि जरूर करें.
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य नंबर से आने वाले WhatsApp संदेशों को आधिकारिक नहीं माना जाए. NTA ने यह भी कहा है कि वह कभी भी उम्मीदवारों से OTP, निजी जानकारी या किसी तरह के भुगतान की मांग नहीं करता है.
NTA ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करें और किसी भी अनजान या फॉरवर्ड किए गए लिंक पर क्लिक करने से बचें. एजेंसी ने साफ किया है कि 3 मई को जारी किया गया एडमिट कार्ड अब मान्य नहीं होगा.
किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक की जानकारी साइबर क्राइम पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दी जा सकती है. NTA ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी हैं.