Hazaribagh News : जिले में गुरुवार को हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक आंगनबाड़ी सेविका और दो ग्रामीण शामिल हैं। लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है।
घर के पास काम कर रही आंगनबाड़ी सेविका की मौत
बड़कागांव प्रखंड के फटरियापानी गांव निवासी आंगनबाड़ी सेविका शांति देवी घर के पास काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों ने भी गंवाई जान, परिजनों को मुआवजे की मांग
एक अन्य घटना में पलांडू गांव के किशुन महतो खेत में काम कर रहे थे, तभी वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। वहीं इचाक प्रखंड के बरवा गांव निवासी सुरेश प्रसाद मेहता भी खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी भी जान चली गई।
तीनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में वज्रपात और तेज बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।