Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम में नए नगर आयुक्त के रूप में एजाज अनवर ने कार्यभार संभाल लिया है. उन्होंने अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश से विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद उन्होंने निगम क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं.
मीडिया से बातचीत में नगर आयुक्त एजाज अनवर ने कहा कि नगर क्षेत्र का विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी. इसकी शुरुआत साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने से की जाएगी. उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान एक साथ संभव नहीं है, इसलिए चरणबद्ध तरीके से योजनाएं बनाकर काम किया जाएगा. नगर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों को बेहतर व्यवस्था देने पर विशेष ध्यान रहेगा.
नगर निगम की नई टीम और जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल बनाकर काम करने की बात भी उन्होंने कही. उन्होंने कहा कि नई टीम के साथ बेहतर समन्वय से आदित्यपुर नगर निगम के विकास को नई दिशा दी जा सकती है.
पदभार ग्रहण के बाद एजाज अनवर ने मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह और उपनगर आयुक्त पारुल सिंह से मुलाकात की. इस दौरान निगम क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर चर्चा की गई.