Adityapur News: राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (NCPCR) के निर्देश पर शुक्रवार को आदित्यपुर के RIT थाना क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति (CWC), चाइल्ड हेल्पलाइन, RIT थाना और युवा संस्था की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच कर चार नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया।
रोहित स्वीट्स और वॉशिंग सेंटर पर छापेमारी
अभियान के दौरान NIT रोड स्थित रोहित स्वीट्स से दो नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया, जबकि अंबेडकर चौक के समीप एक वॉशिंग सेंटर से दो अन्य नाबालिगों को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बाल श्रम पर सख्त चेतावनी, नियम उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद अयाज़ हैदर ने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। उन्होंने सभी होटल, दुकान और अन्य प्रतिष्ठान संचालकों को नाबालिग बच्चों को काम पर नहीं रखने तथा इस संबंध में आवश्यक घोषणा-पत्र अपने प्रतिष्ठानों में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।
प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी
छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों का विवरण दर्ज कर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। टीम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में बाल श्रम से जुड़ा कोई मामला सामने आने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में श्रम विभाग की एलईओ रूबी कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन की कोऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पाण्डेय समेत कई अधिकारी और कर्मी शामिल रहे।