Bokaro News: बोकारो के बीएसएल (BSL) प्लांट के अंतर्गत बीपीएससीएल (BPSCL) के कोल हैंडलिंग प्लांट में कार्यरत एक संविदा कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में जमकर हंगामा हुआ. मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे तथा आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया.
मृतक की पहचान 35 वर्षीय शिव शंकर हेम्ब्रम के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि शिव शंकर की मौत प्लांट में काम करने के दौरान करंट लगने से हुई है.
परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का कहना है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, आश्रित को नियोजन और मामले में न्याय का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.
उन्होंने आरोप लगाया कि बीपीएससीएल के कोल हैंडलिंग प्लांट में कार्यरत यूपीएल ठेका कंपनी और बीएसएल प्रबंधन मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं. परिजनों ने प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ठेका मजदूरों की जान खतरे में है और लगातार हादसे हो रहे हैं.
BGH पहुंची पुलिस, अधिकारी बयान देने से बच रहे
घटना की जानकारी मिलने के बाद सेक्टर-4 थाना पुलिस बोकारो जनरल अस्पताल पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है. पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया.
वहीं, इस मामले में बीपीएससीएल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. परिजनों ने साफ कहा है कि मांगें पूरी होने और लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही वे शव को उठने देंगे. घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.