Jamshedpur: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी में एक निर्माणाधीन कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। काम कर रहे एक युवा मजदूर की बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय रवि माझी निर्माण कार्य में जुटा हुआ था। इसी दौरान वह अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौका क्षेत्र का रहने वाला था मृतक
मृतक रवि माझी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित बालीडीह गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह कपाली गौस नगर निवासी एक ठेकेदार के अधीन मजदूरी का कार्य करता था और उसी के माध्यम से संबंधित निर्माण स्थल पर काम कर रहा था। हादसे के बाद मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद शव को गांव पहुंचा दिया गया। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार ने शुरुआती तौर पर इलाज के नाम पर केवल 13,500 रुपये दिए और आगे मदद का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उससे संपर्क नहीं हो सका।
फोन बंद होने के बाद बढ़ा आक्रोश
परिजनों का कहना है कि कुछ समय बाद ठेकेदार का मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे उनसे संपर्क टूट गया। इस बात से ग्रामीणों और परिवार के लोगों में नाराजगी बढ़ गई। मामले को लेकर गांव में बैठक भी की गई, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद देर रात मृतक के परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाना पहुंचे। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और मकान मालिक से उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर के परिवार को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। पुलिस के समझाने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर राजी हुए। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।