Jharkhand Weather Alert : झारखंड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटों में डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक 35 मिमी वर्षा बालूमाथ में हुई।
रांची समेत 16 जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 18 जून को रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में मेघ गर्जन, वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
21 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 जून तक पूरे झारखंड में कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवा और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।
रांची में सामान्य से अधिक बारिश, अगले सप्ताह भी बदला रहेगा मौसम
राजधानी रांची में 18 से 20 जून तक बादलों की आवाजाही के बीच गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 21 जून को भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि 22 से 24 जून तक भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 18 जून के बीच रांची में 86.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य वर्षा 77.5 मिमी से 12 प्रतिशत अधिक है। आने वाले दिनों में मानसून के और सक्रिय होने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।