Seraikela News : चांडिल वन क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड स्थित बनडीह गांव में बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने कार्तिक महतो के घर की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उस समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। शोर सुनकर परिवार के सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने घर में रखा अनाज खा लिया और अन्य सामान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। परिवार ने मशाल जलाकर और शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की। इसके बाद हाथी बनडीह से चुनचूड़िया होते हुए जामडीह की ओर जंगल में चला गया।
दलमा से भटककर ईचागढ़ क्षेत्र में डेरा, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
ग्रामीणों का कहना है कि दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी से हाथियों का झुंड इन दिनों ईचागढ़ क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। शाम होते ही हाथी भोजन की तलाश में गांवों में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण रातभर जागकर हाथियों की निगरानी करने को मजबूर हैं।
वन विभाग पर राहत नहीं देने का आरोप, मुआवजे की मांग तेज
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से संपर्क किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि चांडिल वन क्षेत्र कार्यालय में हाथी राहत सामग्री उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल हाथियों के हमलों से फसल और घरों का नुकसान होता है, लेकिन न तो समय पर मुआवजा मिलता है और न ही राहत सामग्री। इस घटना के बाद एक बार फिर ईचागढ़ क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष का मुद्दा चर्चा में आ गया है।