Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। मंदिर कमेटी विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान अदालत के समक्ष मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त होने और रात के समय सुरक्षा कमजोर रहने का मुद्दा उठाया गया।
श्रद्धालुओं और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश
मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति आनंदा सेन की अदालत ने रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को निर्देश दिया कि जगन्नाथपुर मंदिर परिसर के बाहर सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। अदालत ने कहा कि मंदिर और वहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए।
23 जून तक मांगी अनुपालन रिपोर्ट, 23 जून को होगी अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने अपने आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन करने का निर्देश देते हुए रांची एसएसपी से 23 जून 2026 तक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। साथ ही अदालत ने आदेश की प्रति तत्काल एसएसपी को भेजने का भी निर्देश दिया।
मंदिर कमेटी विवाद से जुड़े इस मामले की अगली सुनवाई 23 जून को निर्धारित की गई है। तब तक अदालत सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आदेश के अनुपालन की समीक्षा करेगी।