Ranchi News: नामकुम रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक आरपीएफ जवान का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. जवान की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है या फिर यह किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है. रेलवे ट्रैक के पास जवान का शव बरामद हुआ. मृतक आरपीएफ की वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग हो चुका था. घटनास्थल से जवान का बैग भी मिला है.
बताया जा रहा है कि जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन में हुई थी. नई पोस्टिंग के कुछ ही दिनों बाद हुई इस घटना से आरपीएफ और रेलवे विभाग में शोक का माहौल है.
घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हालांकि, रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने मामले को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जवान की मौत हादसे के कारण हुई या उसने किसी वजह से आत्मघाती कदम उठाया. जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.