Seraikela Breaking: सरायकेला जिले के गोपीडीह में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गोपीडीह क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक दो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक महिला को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। करीब 100 मीटर तक घसीटे जाने के कारण महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके की स्थिति देखकर वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरायकेला थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
हादसे में महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने सड़क जाम कर फरार ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी और मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस अन्य तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।