Ranchi News : रांची नगर निगम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान के दौरान कई ठेले और अस्थायी दुकानें जब्त की गईं, जबकि अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
ठेले जब्त, अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाए गए
नगर निगम की टीम ने अरगोड़ा चौक से डीपीएस स्कूल तक सड़क किनारे बने अस्थायी निर्माण, नालियों पर किए गए अतिक्रमण और अवैध दुकानों को हटाया। वहीं बरियातू रोड स्थित रिम्स के आसपास सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और काउंटर ठेलों को भी जब्त किया गया। कचहरी चौक के पास भी कई ठेले और अन्य सामान जब्त किए गए।
दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने नागरिकों और व्यवसायियों से सड़क, फुटपाथ और नालियों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान रहेगा जारी
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।