Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-17

Tata Steel Recruitment: टाटा स्टील में ट्रेड अप्रेंटिस भर्ती की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, अब टीएसटीएल के जरिए होगी नियुक्ति

Jamshedpur: टाटा स्टील में ट्रेड अप्रेंटिस की सीधी नियुक्ति पर फिलहाल विराम लग गया है। कंपनी ने अप्रेंटिस चयन की नई व्यवस्था लागू करते हुए अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहयोगी इकाई टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड (TSTSL) के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार यह अवसर टाटा स्टील के वर्तमान कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों के आश्रितों और पंजीकृत संबंधियों (रजिस्टर्ड रिलेशन) के लिए उपलब्ध कराया गया है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का फिटर, इलेक्ट्रीशियन या मैकेनिकल ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण होना अनिवार्य रखा गया है। साथ ही मैट्रिक स्तर पर अंग्रेजी विषय होना भी जरूरी है। कंपनी ने विभिन्न श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग आयु सीमा निर्धारित की है।

आयु सीमा और पात्रता के अलग मानदंड
सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों का जन्म 1 जून 2004 से 1 जून 2008 के बीच होना चाहिए। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए आयु सीमा में विशेष छूट दी गई है। वहीं कर्मचारियों के बच्चों और रजिस्टर्ड रिलेशन श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए अलग पात्रता मानक तय किए गए हैं। भर्ती के लिए निर्धारित मेडिकल मानकों को पूरा करना आवश्यक होगा। पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर और महिला अभ्यर्थियों की 142 सेंटीमीटर तय की गई है। पुरुषों का न्यूनतम वजन 45 किलोग्राम तथा महिलाओं का 40 किलोग्राम होना चाहिए। आंखों की रोशनी 6/6 निर्धारित की गई है, जबकि सीमित पावर वाले चश्मे की अनुमति रहेगी। रंग पहचानने की क्षमता सामान्य होना अनिवार्य है।

15 महीने का प्रशिक्षण, स्टाइपेंड भी मिलेगा
चयनित उम्मीदवारों को कुल 15 माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें 12 महीने का नियमित अप्रेंटिस प्रशिक्षण और 3 महीने का विशेष कौशल प्रशिक्षण शामिल होगा। प्रशिक्षण के दौरान एसएनटीआई में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ शॉप फ्लोर पर ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग भी दी जाएगी। प्रशिक्षुओं को प्रति माह 10,560 रुपये का स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जो उम्मीदवार पहले किसी संस्थान से अप्रेंटिसशिप पूरी कर चुके हैं या वर्तमान में किसी संस्था के साथ अनुबंधित रूप से कार्यरत हैं, उन्हें इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को जॉइनिंग से पूर्व आवश्यक प्रमाणपत्र और दस्तावेज जमा करने होंगे।

प्रशिक्षण के बाद टीएसटीएल में नियुक्ति
ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट और प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड में नियुक्त किया जाएगा। कंपनी के अनुसार चयनित उम्मीदवारों की तैनाती देश के किसी भी हिस्से में की जा सकती है। भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। अभ्यर्थी 17 जून से 25 जून तक अपने पंजीकृत ई-मेल आईडी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। किसी प्रकार के ऑफलाइन आवेदन या दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और मेडिकल के बाद अंतिम चयन
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। इसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार और मेडिकल जांच आयोजित की जाएगी। एडमिट कार्ड 29 जून को जारी किए जाएंगे, जबकि परीक्षा जुलाई के पहले सप्ताह में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। अंतिम चयन सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !