Jamshedpur News : सोनारी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 15 जून को आदर्श नगर ग्वाला बस्ती निवासी पूजा देवी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया कि उनके पति ओम प्रकाश सिंह ने तेज रफ्तार कार चला रहे चालक को बच्चे के पास सावधानी बरतने की नसीहत दी थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
शिकायत के अनुसार, विवाद के बाद कार चालक की पत्नी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें पूजा देवी सहित उनके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
15 आपराधिक मामलों की आरोपी, रंगदारी और लूट के कई केस दर्ज
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रिया सिंह सोनारी क्षेत्र के एक कुख्यात आपराधिक गिरोह की सरगना है। उसके खिलाफ मारपीट, लूट, छिनतई, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि उसका गिरोह स्थानीय व्यवसायियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलता था और उसके खौफ के कारण कई लोग शिकायत दर्ज कराने से भी बचते थे।
पहले भी हो चुकी है जिला बदर, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि प्रिया सिंह के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसे पहले झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत एक वर्ष के लिए जिला बदर (तड़ीपार) भी किया जा चुका है। फिलहाल इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।