Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई. बैठक में जिला योजना अनाबद्ध निधि के तहत संचालित और प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई. साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े विकास कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए.
38 योजनाओं को मिली घटनोत्तर स्वीकृति
बैठक के दौरान पूर्व में स्वीकृत 38 योजनाओं को कार्यकारिणी समिति ने घटनोत्तर मंजूरी प्रदान की. इनमें आरसीसी कल्वर्ट निर्माण, गार्डवाल निर्माण, पहुंच पथ निर्माण, घाटशिला में जोहार मार्ट के लिए दुकान एवं शोरूम निर्माण, सोलर आधारित मिनी पाइप्ड वाटर सप्लाई योजनाओं की मरम्मत और रखरखाव कार्य तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं. इन योजनाओं के माध्यम से जिले में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा.
सांसदों और विधायकों की 139 अनुशंसित योजनाओं पर मंथन
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त राशि के उपयोग पर भी चर्चा की गई. इस दौरान जिले के सांसद और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों द्वारा अनुशंसित 139 जनहितकारी योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. प्रस्तावित योजनाओं में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का विकास, पेयजल व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, संपर्क मार्गों का निर्माण, सामुदायिक परिसंपत्तियों का विकास तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य शामिल हैं.
योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय जरूरतों को मिलेगी प्राथमिकता
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन के दौरान स्थानीय आवश्यकताओं और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए उपलब्ध संसाधनों का उपयोग पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए.
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर जोर
बैठक में योजनाओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए.
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.