Sonu Nigam Health Condition: मशहूर गायक सोनू निगम इन दिनों एक गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्या से जूझ रहे हैं. इलाज और दवाइयों के असर से उनकी आवाज भी प्रभावित हुई है. इसके बावजूद उन्होंने अपने आगामी लाइव शो को रद्द करने से इनकार कर दिया है. गायक का कहना है कि लंबे समय बाद स्टेज पर वापसी कर रहे हैं और अपने प्रशंसकों से किया वादा निभाएंगे.
दबी हुई नस की समस्या से परेशान हैं सोनू निगम, कई जांचों से गुजर रहे हैं
सोनू निगम ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सेहत को लेकर जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि वह पिन्च्ड नर्व यानी दबी हुई नस की समस्या का सामना कर रहे हैं. पिछले एक सप्ताह से वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति को समझने के लिए एमआरआई और सीटी स्कैन समेत कई जरूरी जांचें कराई गई हैं. इस समस्या के कारण उन्हें तेज और असहनीय दर्द का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सामान्य कामकाज भी प्रभावित हो रहा है.
दर्दनाक इलाज और दवाइयों का असर उनकी आवाज पर भी पड़ा
गायक ने बताया कि उनका फिजियोथेरेपी उपचार काफी तकलीफदेह है. दर्द से राहत पाने के लिए उन्हें लगातार पेन किलर्स और मसल्स रिलैक्सेंट दवाइयों का सहारा लेना पड़ रहा है. इन दवाइयों का असर उनकी आवाज पर भी पड़ा है और लाइव शो से पहले उनका गला भारी हो गया है. किसी भी गायक के लिए यह स्थिति चिंता बढ़ाने वाली मानी जाती है.
दर्द के बावजूद स्टेज पर लौटने का फैसला, नया गाना भी बटोर रहा सुर्खियां
शारीरिक परेशानी और आवाज में बदलाव के बावजूद सोनू निगम ने मुंबई में होने वाले अपने लाइव कॉन्सर्ट को टालने से साफ इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि वह अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट से पीछे नहीं हटेंगे और दर्द सहकर भी दर्शकों के सामने प्रस्तुति देंगे. हाल ही में रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 में उनका गाना घर कब आओगे भी चर्चा में है. इस गीत ने साल 1997 के लोकप्रिय गीत संदेशे आते हैं की यादें एक बार फिर ताजा कर दी हैं और सोशल मीडिया पर इसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है.