Job Alert: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन ग्रेड वन सिग्नल और टेक्नीशियन ग्रेड थ्री पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6565 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इच्छुक उम्मीदवार 30 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
29 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म, पूरी प्रक्रिया रहेगी ऑनलाइन
आरआरबी की ओर से जारी सूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 29 जुलाई 2026 की रात 11 बजकर 59 मिनट तक आवेदन जमा कर सकेंगे. बोर्ड ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विस्तृत अधिसूचना ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है.
ग्रेड वन सिग्नल और ग्रेड थ्री पदों के लिए तय हुई उम्र सीमा और सैलरी
भर्ती अभियान के तहत टेक्नीशियन ग्रेड वन सिग्नल के 323 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत पे लेवल पांच में 29200 रुपये प्रारंभिक वेतन मिलेगा. इस पद के लिए आयु सीमा 18 से 33 वर्ष निर्धारित की गई है और मेडिकल मानक बी वन रखा गया है.
वहीं टेक्नीशियन ग्रेड थ्री के 6242 पदों पर भर्ती की जाएगी
इस पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों को पे लेवल दो के तहत 19900 रुपये शुरुआती वेतन मिलेगा. आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए. मेडिकल मानकों से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में दी गई है.
युवाओं के लिए बड़ा मौका, आवेदन से पहले जरूर पढ़ें पूरी अधिसूचना
रेलवे की यह भर्ती तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है. ऐसे में उम्मीदवारों को आवेदन से पहले पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों से जुड़ी पूरी जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में एक बार जरूर जांच लेनी चाहिए.