Jamshedpur News : कदमा थाना क्षेत्र के सोनारी ऑटो स्टैंड के पास चाय पी रहे एक युवक पर हमला करने और उसके गले से सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान साकची निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
चाय पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद, पिस्तौल की बट से सिर पर वार
पीड़ित कुणाल कुमार के अनुसार वह अपने कुछ दोस्तों के साथ कदमा सोनारी ऑटो स्टैंड के पास चाय पी रहा था। इसी दौरान साकिब और राहुल तिवारी नामक दो युवक वहां पहुंचे और आते ही गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुणाल का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक आरोपी चापड़ लहराते हुए लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान ही आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली। किसी तरह वह मौके से जान बचाकर भाग निकला और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।