Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रांची मौसम विभाग के अनुसार 17 जून को राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, धनबाद और जामताड़ा समेत 11 जिलों में मध्यम से अच्छी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवा, वज्रपात और आंधी-तूफान का अलर्ट
कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक के साथ वज्रपात और आंधी-तूफान का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि दिनभर मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
पलामू प्रमंडल में गर्मी का असर जारी
झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में अभी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी। डालटनगंज और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि शाम के समय बादल और हल्की बारिश से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
रांची और पठारी इलाकों में सुहावना मौसम
रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के पठारी क्षेत्रों में मौसम सबसे ज्यादा सुहावना रहने की संभावना है। यहां दिनभर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश से तापमान 28 से 32 डिग्री के बीच रह सकता है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।